गिरिराज सिंह पर बनेगी फिल्म- हर गरीब-जरूरतमंद की आवाज हूं, हां मैं गिरिराज हूं

0
990
bihar breaking news

केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्य मंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता गिरिराज सिंह अब फिल्म जगत के रुपहले परदे पर भी नजर आएंगे। दिनकर फिल्म प्रोडक्शन कंपनी ने सोशल मीडिया पर उनके नाम पर बनने वाली फिल्म का पोस्टर जारी किया है। फिल्म का नाम है-हर गरीब-जरूरतमंद की आवाज हूं, हां मैं गिरिराज हूं।

हिंदूवादी नेता के रूप में अपने बयान से सुर्खियों में रहने वाले गिरिराज सिंह को फिल्म में हर गरीब और जरूरतमंद की आवाज बताया गया है। दिनकर फिल्म प्रोडक्शन की पहली फिल्म चौहर के नायक अमिय कश्यप ने कहा कि गिरिराज सिंह जैसी राजनीतिक हस्तियों पर फिल्म का निर्माण होना अच्छी बात है। अमिय कश्यप ने आगे बताया कि 15 अक्टूबर को गिरिराज सिंह बेगूसराय आ रहे हैं। उनके आने के बाद फिल्म के साथ अन्य विषयों पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि फिल्म में किसकी क्या भूमिका होगी, कौन-कौन कलाकार होंगे, इस पर अभी चर्चा नहीं हुई है। मध्यम वर्गीय पृष्ठभूमि से आने वाले गिरिराज सिंह के जीवन से जुड़ी कहानी युवा पीढ़ी को प्रेरित करेगी। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री के पीए सोनू ने बताया कि अभी उन्हें इस संबंध में पूरी जानकारी नहीं है।

बिहार की राजनीति में अहम् भूमिका

ज्ञात हो कि गिरिराज सिंह का जन्म लखीसराय के बरहिया में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा लखीसराय के सरकारी विद्यालय से पूरी करने के बाद उन्होंने मगध विश्वविद्यालय, बोधगया से आर्ट्स विषय में स्नातक पूरी की। 2002 में सर्वप्रथम उन्होंने एमएलसी का चुनाव लड़ा और 2005 में नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बनाये गए। 2010 में फिर से उन्हें बिहार सरकार के मंत्रालय में जगह मिली और इस बार पशु एवं मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि बाद में जब जदयू और भाजपा का गठबंधन टूटा तब नीतीश कुमार ने मंत्रालय में शामिल भाजपा के सभी 11 मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

2014 में हुए लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा से पहली बार नवादा से चुनकर दिल्ली जाने का मौका मिला। एक बार फिर 2019 के आम चुनाव में पूरे भारत में हॉट सीट बने बेगूसराय से उन्होंने कन्हैया कुमार जैसे युवा नेता को हराकर संसद में प्रवेश किया। आगामी बिहार विधानसभा के चुनाव से पूर्व उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया जा रहा है। बिहार के वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य पर नजर डालें तो जदयू और भाजपा के बीच हो रहे तीखे और तल्ख़ टिप्पणी में भाजपा के तरफ से गिरिराज सिंह लीड कर रहे हैं। उन्होंने हाल में ही पटना में हुए जलजमाव पर बिहार सरकार को घेरते हुए ढेर सारे ट्वीट किए थे।