जहानाबाद से ताज़ा जानकारी, पटरी पर लौट रही है जिंदगी, बाज़ार में दिखी रौनक

0
1172
bihar breaking news

जहानाबाद में बिगड़े हालात अब सामान्य होने लगे हैं। रविवार को हालात पूरी तरह से नियंत्रण में रहा। इससे शहरवासियों की जिंदगी पटरी पर लौटने लगी है। रविवार को दुकानें भी खुलीं व बाजार में रौनक भी दिखी। सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी देखा गया। प्रशासन द्वारा रविवार की सुबह पहले दो घंटे के लिए दुकानें खोलने की छूट दी गयी थी। दो घंटे के हालात को देख लेने के बाद प्रशासन ने शाम पांच बजे तक दुकानें खुली रखने की इजाज़त दी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पटना पुलिस मुख्यालय ने जहानाबाद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। रैफ के अलावा कई जिलों की पुलिस, बीएमपी को वहां भेजा गया है। एडीजी-आइजी समेत कई आला अधिकारी कैंप किये हुए हैं। डीजीपी भी पल-पल की खबर ले रहे हैं। एडीजी विधि व्यवस्था अमित कुमार, आइजी मुख्यालय नैय्यर हसनैन खान, आइजी मगध क्षेत्र पारसनाथ, कमांडेंट समेत कई अधिकारी कैंप कर रहे हैं।

नुकसान के क्षतिपूर्ति की मांग

भाकपा के राज्य सचिव सत्य नारायण सिंह ने रविवार को कहा कि शरारती तत्वों की साजिश से ऐसी घटना हुई। उन्होंने घटना की न्यायिक जांच करा जिम्मेदारों व लापरवाह पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही जिन लोगों के सामान व घर का नुकसान हुआ है उसकी क्षतिपूर्ति की मांग की।

जहानाबाद में धारा 144 लागू, प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद झड़प, छह घायल

गौरतलब है कि जहानाबाद में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बीते गुरुवार को दो गुटों के बीच हुए उपद्रव के बाद शुक्रवार को शहर अशांत रहा था। हालांकि, पुलिस ने उपद्रवियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया था। हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन ने विभिन्न जिलों से अतिरिक्त 300 सुरक्षा बल के जवानों को बुलाया है। वहीं, डीआइजी नैयर हसनैन खां, डीआइजी लाइन एंड आर्डर अमित कुमार, व आइजी पारसनाथ के अलावा कई जिलों के एसपी जिला मुख्यालय में कैंप किये गये थे। साथ ही जिले में पहले तैनात रहे कई पुलिस अधिकारियों को भी जहानाबाद बुलाया गया था।