Saturday, July 27, 2024
Homeबिहारबिहार में 19 जनवरी के मानव श्रृंखला में 4.27 करोड़ लोगों के...

बिहार में 19 जनवरी के मानव श्रृंखला में 4.27 करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभाकक्ष में जल-जीवन-हरियाली अभियान के पक्ष में, शराबबंदी एवं नशामुक्ति के पक्ष में तथा बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ 19 जनवरी 2020 को पूर्वाह्न 11.30 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक बनने वाली मानव श्रृंखला के निर्माण की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के प्रमण्डलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक भी जुड़े हुये थे।

16,351 किलोमीटर की अनुमानित लंबाई

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आर.के. महाजन ने बनने वाली मानव श्रृंखला की तैयारियों के संबंध में एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि कुल 16,351 किलोमीटर की अनुमानित लंबाई की मानव श्रृंखला बनेगी, जिसमें 5,052 किलोमीटर मुख्य मार्ग की लंबाई होगी और 11,299 किलोमीटर उपमार्ग की लंबाई होगी। मानव श्रृंखला में अनुमानित प्रतिभागियों की संख्या लगभग दो हजार व्यक्ति प्रति किलोमीटर की दर से 3 करोड़ 27 लाख की संख्या होगी तथा प्रत्येक वार्ड में सौ लोगों की एक करोड़ लोगों की संख्या होगी यानि कुल 4 करोड़ 27 लाख लोगों के श्रृंखला में शामिल होने की संभावना है।

खुले रहेंगे स्कूल और सरकारी कार्यालय

मानव श्रृंखला में शामिल होने वाले विभिन्न वर्गों में सरकारी तथा निजी विद्यालयों के बच्चे, शिक्षक, सरकारी कर्मी, शिक्षा सेवक, रसोईया, जीविका दीदी, आषा कार्यकर्ता तथा आम नागरिक होंगे। रविवार के दिन होने के बावजूद स्कूल और सभी सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। वर्ग 1 से वर्ग 4 के बच्चे स्कूल के अहाते में ही मानव श्रृंखला बनायेंगे। मार्ग के बायीं ओर खड़ा होने के लिये ही स्थान को चिहिन्त किया जा रहा है। प्रति किलोमीटर पर पेयजल की व्यवस्था होगी। मार्ग के बीच-बीच में एम्बुलेंस और सुरक्षा की उचित व्यवस्था होगी।

गाॅधी मैदान प्रस्थान बिन्दू

पटना में गाॅधी मैदान से प्रस्थान बिन्दू की तैयारी की गयी है। गाॅधी मैदान से चारों दिशाओं में प्रस्थान होगा, जो एक दूसरे से जुड़ते हुये राज्य के सभी जिले आपस में श्रृंखलाबद्ध होंगे। सभी जिले के जिलाधिकारियों ने बनने वाली मानव श्रृंखला के मार्ग, वातावरण निर्माण से संबंधित किये जा रहे कार्य एवं श्रृंखला में शामिल होने वाले लोगों के लिये उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारियों ने एक जिले से दूसरे जिले की सम्बद्धता सुनिश्चित होने की भी जानकारी दी। सीमावर्ती जिले के जिलाधिकारी सम्बद्ध राज्य के जिलाधिकारी से यातायात के सुलभ संचालन के सम्पर्क में भी हैं। दिन के 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक यातायात के व्यवस्थित स्वरूप की भी जानकारी दी गयी।

एकजुट होकर बनाएं मानव श्रृंखला

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 जनवरी 2020 को बनने वाली श्रृंखला लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रदर्शित करेगा। जलवायु में हो रहे परिवर्तन के प्रति लोग अपनी सजगता दिखाने के लिये एकजुट होकर मानव श्रृंखला बना रहे हैं। गरीब राज्य और इतनी घनी आबादी होने के बावजूद यहाॅ मानव श्रृंखला बनाना बड़ी बात है। पर्यावरण के प्रति यहाॅ के लोगों की यह कोशिश है, जो बहुत बड़ी श्रृंखला के रूप में दिखेगा। यह मानव श्रृंखला पर्यावरण के लिहाज से बहुत बड़ा रिकाॅर्ड होगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी और पदाधिकारी एक-एक चीज का ठीक से आंकलन कर लें।

बिहार में NDA में शुरू हुआ आपसी खींचतान, BJP को नए गठबंधन से नहीं है परहेज

Badhta Bihar News
Badhta Bihar News
बिहार की सभी ताज़ा ख़बरों के लिए पढ़िए बढ़ता बिहार, बिहार के जिलों से जुड़ी तमाम अपडेट्स के साथ हम आपके पास लाते है सबसे पहले, सबसे सटीक खबर, पढ़िए बिहार से जुडी तमाम खबरें अपने भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफार्म बढ़ता बिहार पर।
RELATED ARTICLES

अन्य खबरें