Home पॉलिटिक्स दिल्ली विधानसभा चुनाव: भाजपा, जदयू और लोजपा का गठबंधन, प्रचारकों की सूची...

दिल्ली विधानसभा चुनाव: भाजपा, जदयू और लोजपा का गठबंधन, प्रचारकों की सूची जारी

0

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को भाजपा ने जदयू और लोजपा के साथ अपने गठबंधन का एलान कर दिया। जदयू को दो और लोजपा को एक सीट मिली मिली है। जदयू ने सोमवार को अपने बीस स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दिल्ली में पार्टी गठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

ये हैं जदयू के उम्मीदवार

गठबंधन के तहत जदयू को संगम विहार और बुरारी की सीट मिली है। जदयू ने डॉ एससीएल गुप्ता को संगम विहार से अपना प्रत्याशी बनाया है। डॉ गुप्ता भाजपा के पूर्व विधायक रहे हैं। दिल्ली स्थित बत्र हास्पिटल में वह कैंसर के शल्य चिकित्सक रहे हैं। दिल्ली के जदयू प्रभारी संजय कुमार झा की मौजूदगी में उन्होंने सोमवार को जदयू की सदस्यता भी हासिल की। वहीं दिल्ली प्रदेश जदयू के उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार को जदयू ने बुरारी से अपना उम्मीदवार बनाया है। शैलेंद्र कुमार पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि के ससुर हैं।

लोजपा को मिली सीमापुरी की सीट

गठबंधन में सीटों के हुए बंटवारे के तहत लोजपा को केवल एक सीट मिली है। लोजपा को सीमापुरी विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी देना है। पार्टी ने अभी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। मालूम हो कि पूर्व में अपने बूते चुनाव लड़ने की योजना के तहत लोजपा ने पंद्रह प्रत्याशियों के नाम का एलान भी कर दिया था।

स्टार प्रचारकों से प्रशांत किशोर बाहर

जदयू के स्टार प्रचारकों में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी, राज्यसभा में जदयू के नेता आरसीपी सिंह, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू के राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, पार्टी के महासचिव आफाक अहमद खान, दिल्ली प्रदेश जदयू के अध्यक्ष दयानंद राय, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार राय, उद्योग मंत्री जयकुमार सिंह, सांसद महाबली सिंह, योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी, सांसद दिलेश्वर कामत, सांसद आरपी मंडल, सांसद सुनील कुमार पिंटू, सांसद कविता सिंह, सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और राज सिंह मान शामिल हैं।

जदयू के दो वरिष्ठ नेताओं प्रशांत किशोर और पवन वर्मा को सीएए-एनआरसी समेत केंद्र की एनडीए सरकार के कुछ फैसलों पर सवाल उठाने की कीमत चुकानी पड़ी है। जदयू के सुप्रीमो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोनों वरिष्ठ नेताओं को पार्टी की स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर रखा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जदयू के स्टार प्रचारकों की सूची में पीके और पवन वर्मा शामिल नहीं हैं। भाजपा के साथ जदयू चुनावी गठबंधन में इस बार दिल्ली में चुनाव लड़ रहा है।

इस साल के अंत में बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और जदयू के बीच दिल्ली में चुनावी गठबंधन महत्वपूर्ण है। दिल्ली में चुनावी रणनीति में अहम भूमिका दिया जाना जदयू नेताओं के लिए भी मायने रखता है। जदयू की स्टार प्रचारकों की सूची में पीके के मुखर आलोचक आरसीपी सिंह के साथ जदयू महासचिव संजय झा और राजीव रंजन सिंह ललन जैसे सभी वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और राजद गठबंधन में बनी बात

NO COMMENTS

Exit mobile version