Friday, March 29, 2024
Homeपॉलिटिक्समुसीबत में कोई नहीं, बिहार उप चुनाव की छह सीटों के लिए...

मुसीबत में कोई नहीं, बिहार उप चुनाव की छह सीटों के लिए दो सौ स्टार प्रचारक

विधानसभा की पांच और लोकसभा की एक सीट पर हो रहे बिहार उप चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने 195 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इनमें भाजपा, जदयू, कांग्रेस, राजद, विकासशील इंसान पार्टी और भाकपा के नेता शामिल हैं।

उप चुनाव के लिए जदयू के स्टार प्रचारकों की सूची में कटिहार के सांसद दुलाल चंद गोस्वामी की जगह दरभंगा के पूर्व सांसद मो. अली अशरफ फातमी को जगह दी गई है। एक राजनीतिक दल को अधिकतम 40 स्टार प्रचारक रखने की छूट है। जदयू ने चुनाव आयोग को पहले जो सूची दी थी, उसमें 40 नाम पूरे थे। बाद में गोस्वामी की जगह फातमी का नाम जोड़ा गया।

स्टार प्रचारकों की टॉप टेन वाली सूची में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उद्योग मंत्री श्याम रजक, जल संसाधन मंत्री संजय झा, कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह एवं भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी शामिल हैं।

शत्रुघ्न और कीर्ति आजाद कांग्रेस के स्टार प्रचारक

अन्य दलों की तरह कांग्रेस ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मनमोहन सिंह के साथ ही शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति झा आजाद, वीरेंद्र सिंह राठौर, शक्ति सिंह गोहिल, डॉ. मदन मोहन झा, अखिलेश सिंह, तारिक अनवर, निखिल कुमार, मीरा कुमार, चंदन बागची, अनिल कु. शर्मा, विजय शंकर दुबे, रंजीत रंजन, डॉ. अशोक कुमार, श्याम सुंदर सिंह धीरज, कौकब कादरी, गुंजन पटेल, अमिता भूषण, पूनम पासवान और प्रेमचंद मिश्र जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं।

शहाबुद्दीन की पत्नी हिना भी राजद की स्टार प्रचारक

राजद ने बिहार उप चुनाव में अपने स्टार प्रचारकों में बाहुबली शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब समेत 40 नेताओं को जगह दी है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, विधायक तेजप्रताप यादव, रघुवंश प्रसाद सिंह, शिवानंद तिवारी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, मीसा भारती, रामचंद्र पूर्वे, आलोक मेहता, शरद यादव, भोला यादव, शिवचंद्र राम, भाई वीरेंद्र, कमर आलम, प्रो. चंद्रशेखर, उदय नारायण चौधरी, कांति सिंह, बुलो मंडल एवं रामविलास पासवान के दामाद अनिल कुमार साधु को भी रखा गया है। हाल में ही राजद में शामिल हुए पूर्व मंत्री रमई राम को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

बिहार उपचुनाव 2019 : प्रत्याशी के चुनाव पर घमासान

भाजपा के स्टार प्रचारकों में कई दिग्गजों के नाम

भाजपा के प्रचारकों में जेपी नड्डा, भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, भूपेंद्र यादव, बिहार भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री, डॉ. संजय जायसवाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी और अश्विनी चौबे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का नाम शामिल है।

Source- Jagran

Badhta Bihar News
Badhta Bihar News
बिहार की सभी ताज़ा ख़बरों के लिए पढ़िए बढ़ता बिहार, बिहार के जिलों से जुड़ी तमाम अपडेट्स के साथ हम आपके पास लाते है सबसे पहले, सबसे सटीक खबर, पढ़िए बिहार से जुडी तमाम खबरें अपने भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफार्म बढ़ता बिहार पर।
RELATED ARTICLES

Most Popular